Homeछत्तीसगढविधानसभा में आज अविश्वास प्रस्ताव पर महासंग्राम, सरकार को घेरने की तैयारी...

विधानसभा में आज अविश्वास प्रस्ताव पर महासंग्राम, सरकार को घेरने की तैयारी में विपक्ष, सदन में हंगामे के आसार…

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का आज पांचवां और अंतिम दिन बेहद अहम रहने वाला है। सत्र के अंतिम दिन विपक्ष सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लेकर आएगा, जिस पर सदन में लंबी और तीखी बहस होने की संभावना है। राजनीतिक गलियारों की नजर आज की कार्यवाही पर टिकी हुई है, क्योंकि सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों अपनी-अपनी रणनीति के साथ सदन में उतरेंगे।

सुबह सदन की कार्यवाही प्रश्नकाल से शुरू होगी। इसके बाद विभिन्न विभागों से जुड़े प्रतिवेदन और सरकारी कार्य लिए जाएंगे। दिन का सबसे महत्वपूर्ण एजेंडा सरकार के खिलाफ विपक्ष का अविश्वास प्रस्ताव रहेगा।

सरकार को घेरने की तैयारी, विपक्ष का बड़ा दांव

विधानसभा के अंतिम दिन नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश करेंगे। विपक्ष का आरोप है कि ढाई वर्षों के कार्यकाल में सरकार कई मुद्दों पर जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतरी है। वहीं, सत्ता पक्ष प्रस्ताव का जवाब देते हुए अपनी उपलब्धियां और योजनाएं सदन में रखेगा।

जानकारों के अनुसार अविश्वास प्रस्ताव पर दोनों पक्षों की ओर से करीब 30 सदस्य चर्चा में भाग ले सकते हैं, जिससे सदन की कार्यवाही देर तक चलने की संभावना है।

प्रश्नकाल में इन मंत्रियों से पूछे जाएंगे सवाल

आज के प्रश्नकाल में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और खाद्य मंत्री दयालदास बघेल अपने विभागों से जुड़े सवालों के जवाब देंगे। विभिन्न जनहित के मुद्दों पर विपक्ष सरकार से जवाब मांगेगा।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी रखेंगे CAG रिपोर्ट

कार्यवाही के दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी स्थानीय निकायों से संबंधित भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की रिपोर्ट सदन के पटल पर रखेंगे। इसके अलावा अन्य महत्वपूर्ण सरकारी पत्र भी सदन में प्रस्तुत किए जाएंगे।

तीन प्रतिवेदन भी होंगे पेश

आज विधायक गोमती साय, धर्मजीत सिंह और भैयालाल राजवाड़े विभिन्न समितियों के तीन प्रतिवेदन सदन में प्रस्तुत करेंगे। इनके अलावा गैर-शासकीय संकल्पों पर चर्चा और कुछ महत्वपूर्ण विधेयकों के पारित होने की भी संभावना है।

हंगामेदार रहने के आसार

अविश्वास प्रस्ताव को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में विधानसभा के अंतिम दिन सदन की कार्यवाही हंगामेदार रह सकती है। राजनीतिक विश्लेषकों की नजर इस बात पर भी रहेगी कि सरकार विपक्ष के आरोपों का किस तरह जवाब देती है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments