भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई में शेयर ट्रेडिंग के नाम पर साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। दुर्गापुर सेल (SAIL) के एक सेवानिवृत्त महाप्रबंधक (जीएम) को दोगुना मुनाफा कमाने का लालच देकर साइबर ठगों ने 49 लाख रुपये की ठगी कर ली। शिकायत मिलने के बाद रेंज साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फेसबुक विज्ञापन से हुई ठगों से पहचान
पुलिस के अनुसार, पीड़ित नेहरू नगर के निवासी हैं। उनके फेसबुक अकाउंट पर शेयर ट्रेडिंग में निवेश से जुड़ा एक आकर्षक विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद उनकी बातचीत व्हाट्सएप के माध्यम से एक व्यक्ति से शुरू हुई।
आरोपी ने खुद को निवेश विशेषज्ञ बताया और कम समय में निवेश की रकम दोगुनी करने का दावा करते हुए उन्हें शेयर ट्रेडिंग में निवेश के लिए तैयार किया।
ठग ने पीड़ित से एक निवेश संबंधी मोबाइल ऐप डाउनलोड कराया और उसी के जरिए निवेश की प्रक्रिया शुरू करवाई। शुरुआत में सेवानिवृत्त जीएम ने 1.5 लाख रुपये निवेश किए।
ऐप में लगातार बढ़ता हुआ मुनाफा दिखाई देने लगा, जिससे उनका भरोसा बढ़ गया। इसके बाद आरोपी के कहने पर उन्होंने अलग-अलग किस्तों में लगातार पैसे निवेश किए।
करीब डेढ़ महीने के भीतर पीड़ित ने कुल 49 लाख रुपये निवेश कर दिए। इसके बाद अचानक निवेश वाला मोबाइल ऐप बंद हो गया और आरोपी से संपर्क भी टूट गया। तब उन्हें एहसास हुआ कि वे साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं।
रेंज साइबर थाना ने दर्ज किया मामला
पीड़ित ने सबसे पहले सुपेला थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। चूंकि ठगी की राशि 49 लाख रुपये थी, इसलिए मामला जांच के लिए रेंज साइबर थाना को स्थानांतरित कर दिया गया। पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर उनकी पहचान और रकम की ट्रेल खंगालना शुरू कर दिया है।



