- जिला पंचायत सदस्य वतन चन्द्राकर ने किया भूमिपूजन, सामाजिक परिसर के विकास से ग्रामीणों में खुशी
आरंग। ग्राम पंचायत नारा स्थित साहू समाज भवन परिसर में 4 लाख रुपये की लागत से बनने वाले बाउंड्रीवॉल (आहता) निर्माण कार्य का सोमवार को विधि-विधान के साथ भूमिपूजन किया गया। जिला पंचायत सदस्य वतन अंगनाथ चन्द्राकर के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में पूजा-अर्चना एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ निर्माण कार्य की शुरुआत हुई। इसके बाद अतिथियों ने कुदाल चलाकर निर्माण कार्य की आधारशिला रखी।
बाउंड्रीवॉल निर्माण की स्वीकृति मिलने पर साहू समाज के पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने जिला पंचायत सदस्य वतन अंगनाथ चन्द्राकर का सम्मान कर आभार व्यक्त किया। निर्माण कार्य स्वीकृत होने से समाजजनों और ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि वतन अंगनाथ चन्द्राकर ने कहा कि गांव का विकास केवल सड़क, नाली और भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक परिसरों का विकास भी ग्रामीणों की आवश्यकताओं और सामाजिक एकजुटता का महत्वपूर्ण हिस्सा है। साहू समाज भवन परिसर में बनने वाला बाउंड्रीवॉल परिसर की सुरक्षा, स्वच्छता और व्यवस्थित उपयोग के लिए उपयोगी साबित होगा।
उन्होंने कहा कि गांवों की सबसे बड़ी ताकत आपसी भाईचारा, सामाजिक समरसता और एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़ा होना है। विकास का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यही प्राथमिकता है। नारा में सामाजिक सुविधाओं के विस्तार के लिए आवश्यक कार्यों में हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
ग्रामीणों ने बताया कि बाउंड्रीवॉल नहीं होने के कारण साहू समाज भवन परिसर की सुरक्षा और साफ-सफाई बनाए रखने में परेशानी होती थी। अब आहता निर्माण होने से इन समस्याओं का समाधान होने की उम्मीद है। बाउंड्रीवॉल बनने के बाद परिसर को सुरक्षित एवं व्यवस्थित स्वरूप मिलने के साथ ही सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनपद सदस्य प्रतिनिधि महेश साहू, सरपंच प्रतिनिधि रितेश जांगड़े, उपसरपंच द्रोण चन्द्राकर, प्रहलाद चन्द्राकर सहित जनप्रतिनिधि, साहू समाज के पदाधिकारी, वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। भूमिपूजन के बाद उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी और मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की।




