आरंग। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय शालेय बालक क्रिकेट प्रतियोगिता में आरंग क्रिकेट क्लब के दो खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रायपुर संभाग का प्रतिनिधित्व किया और प्रथम स्थान हासिल कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया।
बिलासपुर में आयोजित अंडर-14 बालक राज्य स्तरीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता में आरंग क्रिकेट क्लब के खिलाड़ी जयंत मांझी ने रायपुर संभाग का नेतृत्व किया। वहीं राजनांदगांव में आयोजित अंडर-17 बालक राज्य स्तरीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता में क्लब के खिलाड़ी लक्ष्य चेलक ने संभाग का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
आरंग युवा एवं खेल संगठन के अध्यक्ष अमन साहू ने बताया कि जयंत मांझी और लक्ष्य चेलक प्रतिदिन पूरी लगन और मेहनत के साथ क्लब में अभ्यास करते हैं। घंटों तक मैदान में पसीना बहाने वाले इन खिलाड़ियों के आत्मविश्वास, जोश और खेल प्रदर्शन में लगातार निखार आ रहा है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास का परिणाम है।
अमन साहू ने विश्वास जताया कि जयंत और लक्ष्य की तरह आरंग क्रिकेट क्लब के अन्य खिलाड़ी भी आने वाले समय में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
इस उपलब्धि पर आरंग युवा एवं खेल संगठन के संरक्षक योगेंद्र चंद्राकर, अध्यक्ष अमन साहू, सचिव मनीष सोनकर, प्रशिक्षक अश्वनी रात्रे सहित आरंग क्रिकेट क्लब के सभी सदस्यों एवं खिलाड़ियों ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



