रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर एक बार फिर बड़ा एक्शन लिया है। महिला स्वास्थ्य कर्मियों से अभद्रता, गाली-गलौच और उन्हें गलत तरीके से छूने (अनुचित स्पर्श) के गंभीर आरोपों के बाद बेमेतरा के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. अमृतलाल रोहलेडर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
शासन तक पहुंची थी शिकायत
मिली जानकारी के अनुसार, डॉ. रोहलेडर के खिलाफ महिला सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO) ने दुर्व्यवहार, अशोभनीय टिप्पणियों और शारीरिक रूप से गलत तरीके से छूने की शिकायत शासन स्तर पर की थी। आरोपों की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने मामले को बेहद संवेदनशील माना और त्वरित कार्रवाई का फैसला लिया।
जगदलपुर किया गया अटैच
लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा जारी निलंबन आदेश के मुताबिक, निलंबन की अवधि के दौरान डॉ. अमृतलाल रोहलेडर का मुख्यालय
संभागीय संयुक्त संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं, जगदलपुर तय किया गया है। निलंबन काल में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
इस कड़ी कार्रवाई से राज्य सरकार ने यह साफ संदेश दिया है कि कार्यस्थल पर महिलाओं से अभद्रता या किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



