रायपुर, 5 अक्टूबर 2026:छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र से जुड़े फिरौती और धमकी के मामले में फरार चल रहे आरोपी शोएब ढेबर की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे आरोपी की तलाश में रायपुर पुलिस ने अब 5 हजार रुपये का नकद इनाम घोषित किया है।
सूचना देने वाले को नकद पुरस्कार
रायपुर पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल ने पुलिस रेगुलेशन के नियमों के तहत यह इनाम उद्घोषणा जारी की है। आदेश के अनुसार, जो भी व्यक्ति पुलिस को फरार आरोपी शोएब ढेबर के संबंध में ऐसी विश्वसनीय जानकारी देगा जिससे उसकी गिरफ्तारी संभव हो सके, उसे 5,000 रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी।
क्या है पूरा मामला?
यह पूरा विवाद कांग्रेस नेता और कारोबारी आनंदमल कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की रंगदारी (फिरौती) मांगने और रकम न देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी से जुड़ा है। आरोपी ने विदेशी मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप के जरिए लॉरेंस बिश्नोई और अमन साहू गैंग का नाम लेकर पीड़ित परिवार को डराया था।
शिकायत के बाद तेलीबांधा थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 403/2026 दर्ज किया था। पुलिस ने पूर्व में आरोपी शोएब ढेबर को गिरफ्तार भी किया था, लेकिन रिमांड कोर्ट के तकनीकी आदेश के बाद उसे रिहा कर दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया।
कोर्ट से झटका लगते ही फरार हुआ आरोपी
सीजेएम कोर्ट से दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति मिलने और डीजे कोर्ट से आरोपी की पुनर्विचार याचिका खारिज होने के बाद पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए दबिश तेज की। लेकिन आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा है। पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं और अब जनता की मदद के लिए इनाम की घोषणा कर दी गई है.



