खरोरा। रवि कुमार तिवारी ,
खरोरा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में इस वर्ष समय-समय पर हुई अच्छी बारिश से खेतों में धान की फसल लहलहा रही है। खेतों में हरियाली और धान की पकती बालियों को देखकर किसानों के चेहरों पर खुशी नजर आने लगी है।
सिंचाई के पर्याप्त साधनों के अभाव के बावजूद अनुकूल बारिश ने किसानों को अच्छी पैदावार की उम्मीद जगाई है। इस वर्ष खाद-बीज की समस्या और अन्य चुनौतियों के बीच किसानों को खेती-किसानी का कार्य पूरा करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बावजूद किसानों ने कड़ी मेहनत और लगन से फसलों की देखभाल की।
धान की बोवाई से लेकर अब तक जब-जब फसल को पानी की आवश्यकता पड़ी, तब-तब समय पर हुई बारिश ने किसानों का साथ दिया। पर्याप्त वर्षा के चलते इस बार धान की फसल अच्छी स्थिति में दिखाई दे रही है।
कैसला के किसान श्यामलाल शर्मा ने बताया कि यदि मौसम इसी तरह अनुकूल बना रहा, तो दशहरा पर्व के बाद कई खेतों में धान की कटाई शुरू होने की उम्मीद है। अच्छी फसल को देखकर किसानों में उत्साह है और उन्हें बेहतर उत्पादन की आस बंधी है। ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों खेतों की हरियाली और पकती धान की बालियां किसानों की मेहनत की सफलता बयां कर रही हैं। अब किसानों को फसल की सुरक्षित कटाई और अच्छी पैदावार का इंतजार है।



