तिल्दा-नेवरा। महाराजा अग्रसेन जयंती पर तिल्दा-नेवरा में आस्था, उत्साह और सामाजिक एकजुटता का अनूठा संगम देखने को मिला। अग्रसेन धाम में आयोजित सम्मान समारोह में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा सहित विभिन्न समाजों के अध्यक्ष एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम में महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों का स्मरण करते हुए सामाजिक समरसता, सेवा और परोपकार का संदेश दिया गया।
शोभायात्रा से गूंजा नगर, अग्रसेन चौक पर पूजा-अर्चना
महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर अग्रवाल समाज ने नगर में शोभायात्रा निकाली। समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। शोभायात्रा के अग्रसेन चौक पहुंचने पर महाराजा अग्रसेन जी की पूजा-अर्चना कर श्रद्धा व्यक्त की गई।
प्रतिभाओं का सम्मान, समाज के गौरव को मिला मंच
शोभायात्रा के बाद नवीन अग्रसेन भवन में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिभा, मेहनत और सेवा भावना से पहचान बनाने वाले प्रतिभाशाली व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।
अग्रसेन जी के आदर्शों पर चलने का आह्वान
अतिथियों ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी का जीवन सेवा, समरसता, करुणा और समानता का प्रतीक है। उनके विचार समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।



