मुरा /तिल्दा-नेवरा। ग्राम पंचायत मुरा में मुख्य मार्गों, चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076* में दर्ज शिकायत पर प्रशासनिक कार्रवाई प्रारंभ हो गई है। पूर्व सरपंच प्रतिनिधि लकेश्वर कोसले द्वारा प्रस्तुत शिकायत के संबंध में कार्यालय ग्राम पंचायत मुरा, जनपद पंचायत तिल्दा-नेवरा ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्रकरण मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत रायपुर को अग्रिम कार्यवाही एवं आवश्यक राशि स्वीकृति हेतु प्रेषित कर दिया है।
लकेश्वर कोसले ने बताया कि ग्राम पंचायत मुरा में खदानों, क्रेशरों एवं भारी वाहनों की निरंतर आवाजाही के कारण सड़क सुरक्षा एक गंभीर विषय बन गया है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग एवं ग्रामीण इन मार्गों से आवागमन करते हैं। साथ ही ग्राम के प्रमुख चौक-चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा चोरी, दुर्घटना एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों की प्रभावी निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों की स्थापना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से दर्ज शिकायत का उद्देश्य ग्रामवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना तथा पुलिस एवं प्रशासन को प्रभावी निगरानी व्यवस्था उपलब्ध कराना है। ग्राम पंचायत द्वारा प्रकरण जिला पंचायत को भेजा जाना सकारात्मक पहल है और इससे ग्रामीणों में शीघ्र समाधान की उम्मीद जगी है।
लकेश्वर कोसले ने जिला प्रशासन एवं जिला पंचायत रायपुर से मांग की है कि जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रकरण पर शीघ्र निर्णय लेकर आवश्यक राशि स्वीकृत की जाए, ताकि ग्राम पंचायत मुरा के प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।




