रायपुर, 22 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने युवाओं का आह्वान किया है कि वे बड़े सपने देखें, अपने विचारों को व्यापक बनाएं और अपनी सफलता को समाज एवं राष्ट्र की सेवा से जोड़ें। उन्होंने कहा कि हर युवा की परिस्थितियां और चुनौतियां अलग-अलग हो सकती हैं, लेकिन उनके भीतर कुछ नया करने, बेहतर बनाने और अपनी पहचान स्थापित करने की ललक होनी चाहिए। जब युवाओं के व्यक्तिगत प्रयास सामूहिक और राष्ट्रीय लक्ष्यों से जुड़ेंगे, तभी देश की प्रगति का मार्ग और अधिक प्रशस्त होगा।
राष्ट्रपति मुर्मु गुरुवार को राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में नुआखाई के अवसर पर आयोजित ‘सेवा सम्मान पर्व एवं युवा प्रबोधन’ कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रही थीं।
इस गरिमामय समारोह में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी विशेष रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम में युवाओं, महिलाओं और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। राष्ट्रपति ने इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को नुआखाई पर्व की बधाई दी और समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों की सराहना की।




