रायपुर: छत्तीसगढ़ राज्य के नवा रायपुर स्थित प्रसिद्ध नंदनवन जू एवं जंगल सफारी से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहाँ की सबसे बुजुर्ग वन्यजीवों में से एक, 25 वर्षीय मादा हिमालयन भालू ‘फफोरी’ की 19 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि में मौत हो गई. सफारी प्रबंधन के मुताबिक, भालू की मृत्यु की मुख्य वजह वृद्धावस्था (बढ़ती उम्र) है.
वर्ष 2012 में असम से लाई गई थी ‘फफोरी’
जंगल सफारी प्रबंधन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, फफोरी को साल 2012 में वन्यप्राणी आदान-प्रदान कार्यक्रम (Wildlife Exchange Programme) के तहत असम के गुवाहाटी चिड़ियाघर से रायपुर लाया गया था. उस समय उसकी उम्र 12 वर्ष थी और तब से वह लगातार इसी सफारी का हिस्सा थी, जहाँ वह पर्यटकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी हुई थी.
पोस्टमार्टम के बाद दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
फफोरी की मृत्यु के बाद तय नियमों के तहत वन्यप्राणी चिकित्साधिकारी द्वारा उसका पोस्टमार्टम किया गया. इसके बाद सफारी परिसर में ही उसे भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार किया गया.
इस दुखद मौके पर नंदनवन जू एवं जंगल सफारी के संचालक सह-वनमंडलाधिकारी पंकज राजपूत, सहायक संचालक सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, पशुपालक (एनिमल कीपर्स) और सुरक्षा कर्मचारी मौजूद रहे. सालों तक फफोरी की देखभाल करने वाले स्टाफ और सफारी प्रबंधन ने उसके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है.



