Homeछत्तीसगढग्वालियर में सनसनीखेज वारदात: माता की झांकी दिखाने के बहाने 14 वर्षीय...

ग्वालियर में सनसनीखेज वारदात: माता की झांकी दिखाने के बहाने 14 वर्षीय मासूम की नरबलि की कोशिश, चाकू से किए 9 वार

ग्वालियर, मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ करहिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रिठौदन गांव में एक पड़ोसी युवक द्वारा 14 साल के एक नाबालिग बच्चे की कथित तौर पर नरबलि देने का प्रयास किया गया। आरोपी युवक बच्चे को माता की झांकी दिखाने के बहाने सुनसान जंगल में ले गया और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ 9 वार किए। बच्चे को मरा हुआ समझकर आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन घायल मासूम ने किसी तरह हिम्मत जुटाई और जान बचाकर घर पहुँचा।

झांकी दिखाने के बहाने पहाड़ी पर ले गया आरोपी
यह खौफनाक घटना 18 अक्टूबर की है। रिठौदन गांव निवासी मनीष रावत का 14 वर्षीय बेटा निशांत रावत अपने घर पर था। तभी उनके पड़ोस में रहने वाला आरोपी विक्की गौड़ उसे अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर माता की झांकी दिखाने के बहाने गोलेश्वर मंदिर के पास स्थित पहाड़ी के जंगलों में ले गया।

‘मैं तुम्हारी बलि देना चाहता हूँ’ कहकर किया हमला
घायल निशांत के अनुसार, जब वे दोनों जंगल के बीच पहुँचे, तो उसने विक्की से इतनी सुनसान जगह पर आने की वजह पूछी। इस पर आरोपी ने बेहद खौफनाक जवाब देते हुए कहा, “मैं तुम्हारी बलि देना चाहता हूँ।” इतना कहते ही आरोपी ने तुरंत चाकू निकाल लिया और निशांत पर जानलेवा हमला कर दिया।

आरोपी ने निशांत के गले पर 4 बार, माथे और शरीर के अन्य हिस्सों पर कुल 9 बार चाकू से वार किए। हमले के दौरान आरोपी का चाकू भी टूट गया। इसके बाद निशांत लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया और बेसुध हो गया। विक्की उसे मृत समझकर वहाँ से भाग निकला।

भाइयों की भी बलि देने की दी थी धमकी
देर रात जब निशांत को होश आया, तो वह खून से लथपथ हालत में अकेले ही जंगल से पैदल बाहर निकला और किसी तरह अपने घर पहुँचा। बेटे की यह भयावह हालत देख परिजनों के होश उड़ गए और वे तुरंत उसे लेकर अस्पताल भागे।

होश में आने के बाद पीड़ित निशांत ने बताया कि हमला करते समय आरोपी विक्की ने उससे कहा था कि उसकी बलि देने के बाद, वह उसके भाई और रामबरन नाम के व्यक्ति की भी बलि देकर उनकी हत्या कर देगा।

एसएसपी कार्यालय पहुँचे परिजन, पुलिस ने दर्ज किया मामला
परिजनों का आरोप है कि शुरुआत में पुलिस ने इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं की, जिसके बाद गुरुवार (22 अक्टूबर) को पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय पहुँचकर न्याय की गुहार लगाई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए देहात के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर ने बताया कि करहिया थाना पुलिस ने आरोपी विक्की गौड़ के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही घटना के पीछे की असली वजह और अंधविश्वास या नरबलि के कथित दावों की पूरी सच्चाई स्पष्ट हो पाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments