रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र के मोतीबाग स्थित रायपुर प्रेसपरिसर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। शनिवार शाम करीब 5:30 बजे प्रेस क्लब में उस समय हड़कंप मच गया, जब सदस्यता न मिलने से नाराज एक युवक ने पिस्टल से हवाई फायरिंग कर दी। इस घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी युवक पलाश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है।
सदस्यता सूची में नाम विचाराधीन होने से था नाराज
मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपी पलाश तिवारी का नाम प्रेस क्लब की विचाराधीन सदस्यता सूची में शामिल था। क्लब की सदस्यता न मिलने के कारण वह काफी समय से नाराज चल रहा था। इसी खुन्नस में शनिवार शाम वह अपने कुछ साथियों के साथ प्रेस क्लब परिसर पहुंचा, जहां मीडियाकर्मियों और आम नागरिकों की नियमित आवाजाही थी।
कोषाध्यक्ष और सचिव पर तानी पिस्टल, फिर की हवाई फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शियों और शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने फायरिंग करने से ठीक पहले प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष दिनेश यदु और कार्यालय सचिव शिव दत्ता पर पिस्टल तान दी और उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया। इसके तुरंत बाद उसने हवा में गोली चला दी, जिससे वहां मौजूद पत्रकारों और कर्मचारियों में दहशत फैल गई।
उत्तर प्रदेश से हथियार लाने का दावा, बयान बदल रहा आरोपी
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम एक्शन में आई। कोतवाली एसीपी दीपक मिश्रा ने बताया कि शनिवार देर रात करीब 11 बजे प्रेस क्लब के अध्यक्ष और पदाधिकारियों ने मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 125 और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में आरोपी ने पिस्टल उत्तर प्रदेश से खरीदकर लाने की बात कही है, हालांकि वह पुलिस के सामने बार-बार अपने बयान बदल रहा है।
पहले भी जेल जा चुका है आरोपी
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी पलाश तिवारी का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह इससे पहले भी रायपुर के आजाद चौक थाने में दर्ज एक पॉक्सो (POCSO) मामले में जेल की हवा खा चुका है।
“रसूख दिखाने के लिए की गई वारदात” — प्रेस क्लब अध्यक्ष
प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा, “कुछ लोग सिर्फ अपना रसूख दिखाने के लिए इस तरह की घटिया हरकतों को अंजाम देते हैं। आरोपी प्रेस क्लब का सदस्य नहीं है। प्रेस क्लब समाज का आईना होता है, इसलिए सभी को कानून का सम्मान करना चाहिए।” उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष और कड़ी जांच करने की मांग की है ताकि समाज में कोई गलत संदेश न जाए। फिलहाल पुलिस आरोपी से हथियार के स्रोत को लेकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है।



