सुकमा। नए साल पर सुकमा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जानकारी के मुताबिक़ चिंतलनार थाना क्षेत्र अंतर्गत 9 महिला समेत 44 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। इन आत्मसमर्पित नक्सलियों में 2 लाख का ईनामी प्लाटून मेम्बर भी शामिल हैं।
आपको बता दें कि पुलिस द्वारा करीगुंडम कैंप लगाने के बाद यह बड़ी कामयाबी है। वहीं सुकमा एसपी सुनील शर्मा के समक्ष नक्सलियों ने गांव में ही समर्पण किया। इस दौरान पुलिस ने सभी आत्मसमर्पित नक्सलियों को भोजन भी कराया।
नक्सलियों के लिए बन रही कॉलोनी
दंतेवाड़ा के पुलिस लाइन कारली में सरेंडर माओवादियों के लिए शहीद महेंद्र कर्मा कॉलोनी का निर्माण किया जा रहा है। इसी कैंपस में सरेंडर माओवादियों को तरह-तरह का रोजगार भी मिलेगा। बताया जा रहा है कि साल 2022 में 26 जनवरी को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इस कॉलोनी का उद्घाटन करेंगे।
इस कॉलोनी में सरेंडर माओवादियों के साथ नक्सल पीड़ित परिवार भी रहेंगे। एक ही परिसर में आवास और रोजगार की सुविधा उपलब्ध होगी। अब तक जिन नक्सलियों ने हथियार डाले हैं, उनमें 416 पुरुष हैं तो वहीं 64 महिला है।