जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में दीपावली के पावन पर्व की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-43 (NH-43) पर यात्रियों से भरी एक बस और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण दुर्घटना में ट्रक चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि गनीमत रही कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बच गए।
सुबह 5 बजे हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना रविवार सुबह करीब 5 बजे कुनकुरी क्षेत्र के सलियाटोली के पास हुई। बताया जा रहा है कि ‘रॉयल’ ट्रैवल्स की यात्री बस पटना से रायपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सलियाटोली के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक से बस की सीधी टक्कर हो गई।
क्षतिग्रस्त हुए वाहन, पुलिस जांच में जुटी
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में ट्रक चालक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, हालांकि बस में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर यातायात को सुचारू कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



