रायपुर | 11 नवंबर 2026। राजधानी रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन और उनकी पत्नी बरखा टंडन की कानूनी मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। तेलीबांधा थाना पुलिस ने दंपति के खिलाफ धोखाधड़ी के दो अलग-अलग नए मामले दर्ज किए हैं। यह कार्रवाई शंकर नगर निवासी कारोबारी आशीष जायसवाल की शिकायत पर की गई है।
क्या है पूरा मामला?
शिकायतकर्ता आशीष जायसवाल के अनुसार, दीपक टंडन और बरखा टंडन ने फॉर्च्यूनर लीजेंडर कार की खरीदी-बिक्री और वीआईपी (VIP) रोड स्थित एक जमीन के सौदे के नाम पर उनसे कुल 56 लाख 16 हजार 70 रुपये की धोखाधड़ी की है। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
लगातार बढ़ रही हैं दंपति की मुश्किलें
गौरतलब है कि टंडन दंपति के खिलाफ पिछले कुछ दिनों में पुलिस कार्रवाई तेज हुई है। इससे पहले भी तेलीबांधा थाने में ही वीआईपी रोड स्थित संपत्ति पर अवैध कब्जा करने, सरकारी सील तोड़ने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। लगातार दर्ज हो रहे मामलों के बाद अब पुलिस पूरे प्रकरण की बारीकी से जांच कर रही है।



