एमसीबी (मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर)। जिले में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर गए पटवारियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है। कलेक्टर ने सख्त आदेश जारी करते हुए हड़ताली पटवारियों पर ‘काम नहीं तो वेतन नहीं’ (No Work, No Pay) का सिद्धांत लागू कर दिया है।
शासन के निर्देशों की अवहेलना का आरोप
कलेक्टर कार्यालय की भू-अभिलेख शाखा से जारी आधिकारिक आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जिले में पदस्थ पटवारी बीते 13 अक्टूबर 2026 से हड़ताल में शामिल हैं। इसके कारण वे अपने नियमित शासकीय कार्यों का संपादन नहीं कर रहे हैं। प्रशासन के अनुसार, पटवारियों द्वारा शासन स्तर से जारी किए गए महत्वपूर्ण निर्देशों का भी पालन नहीं किया जा रहा है।
आम नागरिकों के राजस्व कार्य हो रहे प्रभावित
पटवारियों के काम पर न लौटने के कारण जिले में आम नागरिकों से जुड़े जरूरी राजस्व कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। जनता को हो रही परेशानियों और शासकीय कार्यों में आ रही बाधा को देखते हुए कलेक्टर ने यह सख्त कदम उठाया है। इस आदेश के बाद हड़ताल की अवधि के दौरान पटवारियों को वेतन नहीं दिया जाएगा।



