रायपुर: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप घोटाले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को आज रायपुर स्थित विशेष सीबीआई कोर्ट में पेश किया गया। आठ दिनों की सीबीआई कस्टडी पूरी होने के बाद हुई इस पेशी में विशेष न्यायाधीश मनोज कुमार सिंह की अदालत ने सौरभ चंद्राकर को 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया है।
सुनवाई के दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी आरोपी के खिलाफ नॉन-बेलेबल वारंट (गैर-जमानती वारंट) जारी करने के लिए अदालत में आवेदन लगाया था। हालांकि, कोर्ट ने सुनवाई के बाद ईडी के इस आवेदन को खारिज कर दिया।
पुलिसकर्मियों और कारोबारियों पर कसा शिकंजा
महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी मामले में केंद्रीय जांच एजेंसियों ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इस अवैध सिंडिकेट को संरक्षण देने के संदेह में सीबीआई ने छत्तीसगढ़ के चार पुलिस अधिकारियों और जवानों सहित कुछ बाहरी कारोबारियों को नोटिस जारी किया है। इन सभी को पूछताछ के लिए दिल्ली तलब किया गया है। एजेंसियां इस बात की गहराई से जांच कर रही हैं कि इस अवैध सट्टा कारोबार को किन प्रभावशाली नेताओं और प्रशासनिक अफसरों का समर्थन प्राप्त था।
रवि उप्पल के प्रत्यर्पण की तैयारी तेज
दूसरी ओर, इस मामले के सह-आरोपी रवि उप्पल को भारत लाने की प्रक्रिया भी तेज हो गई है। दुबई में पकड़े गए रवि उप्पल के प्रत्यर्पण के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 400 पन्नों के अहम दस्तावेज केंद्र सरकार को सौंप दिए हैं, ताकि जल्द से जल्द उसे भारत लाकर कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जा सके।




