Homeअपराधमुंबई लोकल में छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवती को ट्रेन से...

मुंबई लोकल में छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवती को ट्रेन से धकेला, हादसे में गंवाना पड़ा बायां हाथ; आरोपी गिरफ्तार

मुंबई। मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन में महिला सुरक्षा को झकझोर देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। बोरीवली से विरार जा रही लोकल ट्रेन में एक सह-यात्री द्वारा की जा रही छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपी ने युवती को नायगांव स्टेशन पर चलती ट्रेन के नीचे धकेल दिया। इस दर्दनाक हादसे में युवती का बायां हाथ ट्रेन के पहियों की चपेट में आ गया, जिसके बाद डॉक्टरों को कोहनी के पास से उसका हाथ काटना पड़ा। इसके अलावा युवती के सिर पर 16 टांके भी लगे हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?
पीड़ित युवती बोरीवली से विरार जाने वाली लोकल ट्रेन में सफर कर रही थी। पुलिस को दिए गए बयान के अनुसार, ट्रेन में सवार एक सह-यात्री उसे लगातार गलत तरीके से छू रहा था। जब युवती ने इसका विरोध किया और गुस्से में आरोपी पर अपनी चप्पल फेंकी, तो दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। डिब्बे में मौजूद अन्य यात्रियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए युवती की ओर अपनी चप्पल फेंक दी।

नायगांव स्टेशन पर दिया धक्का
ट्रेन जब नायगांव स्टेशन पहुंची, तब भी दोनों के बीच विवाद जारी था। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर युवती को धक्का दे दिया, जिससे वह ट्रेन के दो डिब्बों के बीच की खाली जगह में जा गिरी। युवती जब खुद को संभालते हुए वापस प्लेटफॉर्म पर चढ़ने की कोशिश कर रही थी, तभी ट्रेन चल पड़ी और उसका बायां हाथ पहियों के नीचे आ गया।

अफरा-तफरी का फायदा उठाकर भागा आरोपी
मौके पर मौजूद एक पुलिस अधिकारी और अन्य यात्रियों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवती को पटरियों से ऊपर प्लेटफॉर्म पर खींचा और अस्पताल पहुंचाया। गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसका बायां हाथ काटना पड़ा। उधर, हादसे के बाद स्टेशन पर मची अफरा-तफरी का फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गया था, हालांकि पुलिस ने जांच के बाद कुछ ही घंटों के भीतर उसे धर दबोचा। इस घटना ने एक बार फिर मुंबई लोकल में सफर करने वाली महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments