रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर इलाके में स्थित फूड पार्क में रविवार को अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते आसपास की कई दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। इस अग्निकांड के दौरान दुकानों में रखे दो गैस सिलेंडरों में जोरदार विस्फोट भी हुआ, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। हादसे में करीब आधा दर्जन (6) दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गई हैं।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, फूड पार्क में आग लगने की मुख्य वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। लपटों के बीच सिलेंडर फटने से आग और अधिक भड़क गई, जिससे दुकानों में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
दमकल की गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की दो गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह है कि इस बड़े हादसे में किसी के हताहत होने या जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि, आग के कारण दुकानदारों को लाखों रुपये के भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और प्रशासन की टीम मामले की जांच कर नुकसान का आकलन करने में जुटी हैं।



