रायपुर/जशपुर। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कुनकुरी वासियों को विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने अपने जशपुर प्रवास के दौरान नगर पंचायत कुनकुरी में लगभग 15 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें मुख्य रूप से मल्टीपर्पस हॉल, सांस्कृतिक भवन और छठ तालाब के विकास व कायाकल्प के कार्य शामिल हैं।

इन परियोजनाओं के पूरा होने से कुनकुरी में नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा। इसके साथ ही क्षेत्र में सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों के लिए एक बेहतर और आधुनिक अधोसंरचना उपलब्ध हो सकेगी।

आस्था और परंपरा का प्रतीक है छठ महापर्व : मुख्यमंत्री
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। कुनकुरी में छठ तालाब के विकास और सौंदर्यीकरण से श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना करने में काफी सहूलियत मिलेगी।
उन्होंने आगे कहा कि सरकार का उद्देश्य शहरों के विकास को केवल बुनियादी ढांचे तक सीमित रखना नहीं है। नागरिकों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराना भी हमारी मुख्य प्राथमिकता है। इन कार्यों के पूर्ण होने पर कुनकुरी के लोगों को एक बेहतर वातावरण और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।




