रायगढ़ (खरसिया)। जिले के खरसिया थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ग्राम बोतल्दा के अटल रॉक गार्डन से एक बेहद सनसनीखेज और शर्मनाक वारदात सामने आई है। यहां अपने प्रेमी के साथ घूमने गई 20 वर्षीय युवती के साथ दो युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की घटना को अंजाम दिया। वारदात के दौरान आरोपियों ने युवती के दोस्त के साथ भी बेरहमी से मारपीट की और नकदी व सामान लूटकर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए खरसिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने बॉयफ्रेंड के साथ बोतल्दा के रॉक गार्डन इलाके में घूमने गई थी। इसी दौरान सुनसान जगह का फायदा उठाते हुए दो अज्ञात युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने पहले दोनों को धमकाया और युवक के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के बाद बदमाशों ने युवक के पास मौजूद नकदी और सामान लूट लिया। इसके बाद आरोपियों ने युवती को बंधक बनाकर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार
वारदात के बाद किसी तरह संभलकर पीड़िता और उसका दोस्त खरसिया थाने पहुंचे और पुलिस को आपबीती सुनाई। दिनदहाड़े पर्यटन स्थल पर हुई इस जघन्य वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए खरसिया पुलिस ने तत्काल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की और संभावित ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल दो आरोपियों को हिरासत में लेकर सघन पूछताछ की, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से लूटे गए सामान की बरामदगी और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं, प्रसिद्ध पिकनिक स्पॉट पर हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और पर्यटकों में दहशत का माहौल है तथा सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग उठ रही है।



