- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पुराना बस स्टैंड परिसर में किया लोकार्पण, एक साथ खड़ी हो सकेंगी 80 कारें
रायपुर/बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज बिलासपुर के पुराना बस स्टैंड परिसर में छत्तीसगढ़ की पहली शटल तकनीक आधारित ऑटोमेटेड मल्टीलेवल कार पार्किंग का लोकार्पण किया। बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा लगभग 12 करोड़ 60 लाख रुपए की लागत से निर्मित इस अत्याधुनिक पार्किंग में एक साथ 80 कारें खड़ी की जा सकेंगी।
इस नई सुविधा के शुरू होने से शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र में आने वाले नागरिकों को सुरक्षित और व्यवस्थित पार्किंग मिल सकेगी। इसके साथ ही, सड़क किनारे होने वाली अव्यवस्थित पार्किंग से लगने वाले जाम से भी शहरवासियों को बड़ी राहत मिलेगी और यातायात सुगम होगा।

आधुनिक तकनीक से हल हो रहीं शहरी चुनौतियां: मुख्यमंत्री
लोकार्पण के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश के शहरों को आधुनिक, सुव्यवस्थित और नागरिक सुविधाओं से परिपूर्ण बनाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बढ़ते शहरीकरण के कारण पैदा हो रही यातायात और पार्किंग की समस्याओं का समाधान अब आधुनिक तकनीक के जरिए किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने इस परियोजना की सराहना करते हुए कहा कि कम जगह में अधिक वाहनों की पार्किंग की यह व्यवस्था शहरी बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी। इससे न केवल आम नागरिकों के समय की बचत होगी, बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था भी पहले से कहीं अधिक बेहतर बनेगी।




