45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में प्रदर्शित की गई दुर्लभ पांडुलिपियां और 1735 का मराठाकालीन ताम्रपत्र, संस्कृति विभाग की विशेष प्रदर्शनी को देखने उमड़ रहे आगंतुक
रायपुर, 16 नवंबर 2026।
नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF) में छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति और प्राचीन इतिहास की अनूठी झलक देखने को मिल रही है। मेले के छत्तीसगढ़ पवेलियन में प्रदर्शित प्रदेश की दुर्लभ ऐतिहासिक धरोहरें देश-विदेश से आने वाले आगंतुकों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
16वीं सदी की स्वर्ण-अक्षरित गीता और मराठाकालीन ताम्रपत्र खास
इस विशेष प्रदर्शनी में 16वीं शताब्दी की स्वर्ण अक्षरों में लिखित ‘श्रीमद्भगवद्गीता’ की दुर्लभ पांडुलिपि लोगों को सबसे अधिक आकर्षित कर रही है। उस काल की उत्कृष्ट सुलेखन कला और आध्यात्मिक परंपरा को दर्शाती इस पांडुलिपि को देखने के लिए पवेलियन में दर्शकों की भीड़ उमड़ रही है। इसके साथ ही प्रदर्शनी में वर्ष 1735 का मराठाकालीन ताम्रपत्र भी रखा गया है, जो छत्तीसगढ़ की गौरवशाली अभिलेखीय और प्रशासनिक विरासत का जीवंत प्रमाण प्रस्तुत करता है।
प्राचीन ज्ञान परंपरा से रूबरू हो रही नई पीढ़ी
छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग के अंतर्गत पुरातत्व, अभिलेख एवं संग्रहालय संचालनालय, रायपुर द्वारा इस विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। इसमें विभिन्न कालखंडों की दुर्लभ पांडुलिपियों और ऐतिहासिक ताम्रपत्रों को सहेज कर प्रदर्शित किया गया है। आयोजकों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य न केवल देश-दुनिया के आगंतुकों को छत्तीसगढ़ की प्राचीन ज्ञान परंपरा, साहित्य, धर्म और इतिहास से परिचित कराना है, बल्कि युवा पीढ़ी को अपनी ऐतिहासिक जड़ों और पुरावशेषों के संरक्षण के महत्व से भी जोड़ना है।
गौरतलब है कि भारत व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO) द्वारा ‘विकास और विरासत’ थीम पर आयोजित इस व्यापार मेले में हॉल नंबर-4 के प्रथम तल पर स्थित छत्तीसगढ़ पवेलियन में पारंपरिक कला, शिल्प और विकास योजनाओं के साथ-साथ इन ऐतिहासिक धरोहरों का संगम दर्शकों को खूब भा रहा है।



