आरंग। माता कौशल्या की पावन नगरी चंदखुरी से आगामी 22 अगस्त को प्रारंभ होने वाली ऐतिहासिक सामाजिक सद्भाव कांवड़ यात्रा की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। यात्रा की तैयारियों की समीक्षा के लिए आयोजन के संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने आज चंदखुरी पहुंचकर शुभारंभ स्थल का स्थल निरीक्षण किया।
‘बोल रहा अब हिंदुस्तान, मनखे-मनखे एक समान’ के सामाजिक समरसता और सद्भाव के पावन संदेश के साथ निकलने वाली यह कांवड़ यात्रा कुल 71 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यात्रा चंदखुरी से प्रारंभ होकर विभिन्न पड़ावों से गुजरते हुए बाबा बागेश्वरनाथ की पावन नगरी आरंग में संपन्न होगी।
निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने यात्रा के शुभारंभ स्थल, मंच निर्माण, कांवड़ियों के लिए पेयजल, पार्किंग तथा सुगम यातायात व्यवस्था सहित तमाम आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने के संबंध में आयोजकों और संबंधित पदाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि यात्रा के दौरान कांवड़ियों व श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के स्थानीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




