आरंग। आरंग बैडमिंटन क्लब में विकासखंड स्तरीय शालेय बालिका बैडमिंटन प्रतियोगिता का गरिमामयी माहौल में शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद आरंग के अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता अरुंधती देवी उत्कृष्ट विद्यालय की प्राचार्या संध्यारानी बारीक ने की। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खुद कोर्ट में बैडमिंटन मैच खेलकर प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत की। सहायक प्राचार्य आकाश विश्वास, हेड मास्टर सिम्मी मैथ्यू एवं नरेंद्र साहनी ने संयुक्त रूप से खिलाड़ियों को खेल भावना और अनुशासन के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। आरंग युवा एवं खेल संगठन के अध्यक्ष अमन साहू ने जानकारी दी कि इस प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों से 100 से अधिक बालिका खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया।
कड़े मुकाबलों के बीच सभी खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए आरंग विकासखंड की टीम में अपना स्थान सुनिश्चित किया। प्रतियोगिता की संयोजक सचिव व्यायाम शिक्षिका प्रीति साहू रहीं। कार्यक्रम में व्यायाम शिक्षक फारुख मोहम्मद, प्रियल साहू, हंसराज जलक्षत्री, हमेश्वरी ढ़ीढ़ी, कनक वर्मा तथा आरंग बैडमिंटन क्लब से राकेश गुप्ता, अक्षत गुप्ता सहित क्लब के सभी सदस्य, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।





