रायपुर, 17 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर में शांति बहाली को लेकर सुरक्षा बलों के साहस की सराहना करते हुए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बस्तर की पवित्र धरती पर शांति की स्थापना और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों का शौर्य, त्याग और समर्पण इतिहास में हमेशा स्मरणीय रहेगा।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘शौर्यांजलि’ कार्यक्रम का आयोजन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रायपुर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘शौर्यांजलि’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस गरिमामयी समारोह में मुख्यमंत्री साय ने नक्सलवाद के खिलाफ लड़ते हुए अपने प्राण गंवाने वाले करीब 50 अमर शहीदों के परिजनों को सम्मानित कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलता
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि हमारे सुरक्षा बलों के जवानों ने केवल नक्सलवाद के विरुद्ध कड़ा संघर्ष ही नहीं किया, बल्कि अपने रक्त और सर्वोच्च बलिदान से बस्तर में सुरक्षा, शांति और खुशहाली के एक बिल्कुल नए युग की मजबूत नींव रखी है। आज बस्तर क्षेत्र में विकास और विश्वास की जो नई सुबह दिखाई दे रही है, वह सुरक्षा बलों के इसी अदम्य साहस का परिणाम है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दोहराया कि सरकार शहीदों के परिवारों के साथ हर कदम पर खड़ी है।



