खरोरा /तिल्दा। सीएम हेल्पलाइन शिकायत का हुआ असर, खनिज निरीक्षक उमेश भार्गव ने कपिल माइनिंग रिसोर्सेस प्रा. लि. की क्रेशर इकाई की सीलिंग की कार्रवाई की।
जानकारी अनुसार ग्राम मुरा, तहसील खरोरा, जिला रायपुर स्थित कपिल माइनिंग रिसोर्सेस प्रा. लि. द्वारा संचालित चूनापत्थर खदान एवं क्रेशर इकाई के संबंध में सीएम हेल्पलाइन शिकायत टोकन क्रमांक WP260700114157 (दिनांक 23 जुलाई 2026) पर त्वरित कार्रवाई करते हुए खनिज निरीक्षक श्री उमेश भार्गव ने दिनांक 27 जुलाई 2026 को संबंधित क्रेशर इकाई को सील कर दिया।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि ग्राम मुरा में संचालित उक्त खदान एवं क्रेशर से अत्यधिक धूल प्रदूषण, ध्वनि प्रदूषण, कंपन, भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही, सड़क क्षति तथा ग्रामीणों के स्वास्थ्य एवं पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। साथ ही पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, 1986, वायु (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम, 1981, जल (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम, 1974, ईआईए अधिसूचना, 2006 तथा अन्य प्रचलित नियमों के पालन की जांच की मांग की गई थी।
शिकायत में उल्लिखित खनिज पट्टों का विवरण इस प्रकार है—
खनिज पट्टा क्रमांक–01
संस्था: कपिल माइनिंग रिसोर्सेस प्रा. लि.
ग्राम: मुरा
खसरा नंबर: 416/5, 424/8, 425/1, 425/2, 467/2, 467/3, 467/5, 469/1, 469/2, 469/3, 469/4 एवं 469/5
रकबा: 4.774 हेक्टेयर
खनिज: चूनापत्थर
खनिज पट्टा क्रमांक–02
संस्था: कपिल माइनिंग रिसोर्सेस प्रा. लि.
ग्राम: मुरा
खसरा नंबर: 403/2, 404, 405/1, 405/2, 405/3, 405/4, 468/4, 470/1, 470/2, 471/1, 471/2, 471/4, 471/5, 471/6, 471/7, 471/8 एवं 471/9
रकबा: 4.990 हेक्टेयर
खनिज: चूनापत्थर
सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज होने के उपरांत खनिज विभाग द्वारा स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्राप्त तथ्यों के आधार पर खनिज निरीक्षक श्री उमेश भार्गव ने संबंधित क्रेशर इकाई को सील करने की कार्रवाई की।
ग्रामीणों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए मांग की है कि मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच कर यदि किसी प्रकार की पर्यावरणीय, खनिज अथवा वैधानिक अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों ने यह भी अपेक्षा जताई कि क्षेत्र में संचालित सभी खनन एवं क्रेशर इकाइयों की समय-समय पर जांच कर पर्यावरणीय नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।



