रायपुर, 20 अक्टूबर 2026। राजधानी रायपुर के कोटा स्थित बीएसयूपी (BSUP) कॉलोनी से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक कलयुगी पिता ने पारिवारिक विवाद के बाद अपनी ही 6 महीने की मासूम बच्ची को बेरहमी से जमीन पर दो बार पटक दिया। इस दर्दनाक घटना में बच्ची गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए एम्स (AIIMS) रायपुर में भर्ती कराया गया है। फिलहाल मासूम की हालत नाजुक बनी हुई है और वह आईसीयू (IC ICU) में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है।
पारिवारिक विवाद के बाद वारदात
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी पिता आशीष कावरिया (21 वर्ष) का अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर आरोपी ने अपना आपा खो दिया। उसने अपनी पत्नी को सबक सिखाने या डराने के इरादे से अपनी ही 6 माह की दुधमुंही बेटी पर गुस्सा उतार दिया और उसे उठाकर दो बार जमीन पर दे मारा।
आईसीयू में चल रहा है इलाज
जमीन पर पटके जाने के कारण मासूम बच्ची के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं और वह तुरंत बेहोश हो गई। बच्ची की हालत बिगड़ती देख उसे आनन-फानन में रायपुर एम्स ले जाया गया। डॉक्टरों ने बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे तुरंत आईसीयू में शिफ्ट किया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
आरोपी पिता गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही सरस्वती नगर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी पिता आशीष कावरिया के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।



