Homeछत्तीसगढरायपुर में युवा नेता उपेंद्र भारती पर दुष्कर्म और मारपीट का मामला...

रायपुर में युवा नेता उपेंद्र भारती पर दुष्कर्म और मारपीट का मामला दर्ज, आरोपी फरार

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक महिला की शिकायत पर युवा नेता उपेन्द्र भारती के खिलाफ जबरन शारीरिक संबंध बनाने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है।

पड़ोस में रहने वाले नेता पर गंभीर आरोप

पीड़ित महिला द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, आरोपी उपेन्द्र भारती उसके पड़ोस में ही रहता है। आरोप है कि वह अक्सर महिला के घर आकर उसे परेशान करता था। महिला ने अपने बयान में बताया कि आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए और जब भी उसने इसका विरोध किया, तो उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई।

बच्चों को अपनाने से इनकार और जान से मारने की धमकी

महिला का दावा है कि आरोपी के साथ संबंधों के चलते उनके बच्चे भी हुए, लेकिन बाद में आरोपी ने बच्चों को अपना नाम देने और उन्हें स्वीकार करने से साफ इनकार कर दिया। महिला ने पुलिस को बताया कि इस पूरे शोषण के कारण उसका पारिवारिक जीवन पूरी तरह तबाह हो गया है। इसके अलावा, विरोध करने पर आरोपी ने महिला को खुद और उसके परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी भी दी थी।

शिकायत में यह भी उल्लेख है कि आरोपी क्षेत्र का एक प्रभावशाली युवा नेता है। उसके इसी दबदबे और खौफ के कारण पीड़िता लंबे समय तक पुलिस के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही थी। आखिरकार डर से उबरकर उसने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। महिला ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के साथ ही खुद और अपने बच्चों के लिए सुरक्षा की मांग की है।

BNS की धाराओं के तहत केस दर्ज, पुलिस की दबिश

मंदिर हसौद थाना पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी उपेन्द्र भारती के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की निम्नलिखित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है:

  • धारा 64(2): जबरन शारीरिक संबंध (दुष्कर्म)
  • धारा 115(2): स्वेच्छा से चोट पहुंचाना (मारपीट)
  • धारा 351(2): आपराधिक धमकी देना

मामला दर्ज होते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके घर पर दबिश दी, लेकिन वह मौके से भाग निकला। पुलिस के मुताबिक आरोपी फिलहाल फरार चल रहा है और उसकी सरगर्मी से पतासाजी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरी जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments