जशपुर। जिले के तपकरा थाना क्षेत्र में बेटे द्वारा अपने ही पिता की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। विवाद के दौरान बेटे ने पिता के सिर पर सील-लोढ़ा से हमला कर दिया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाते समय रास्ते में पिता की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे सूरज सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना तपकरा थाना क्षेत्र की ऊपरकछार चौकी अंतर्गत ग्राम सिंगीबहार की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक आरोपी बेटा अपने पिता की झगड़ालू प्रवृत्ति से परेशान था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर सूरज सिंह ने सील-लोढ़ा से अपने पिता के सिर पर वार कर दिया।
हमले में पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन और आसपास के लोग उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त सील-लोढ़ा भी जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ तपकरा थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।




