दुर्ग-भिलाई। ट्विनसिटी (दुर्ग-भिलाई) की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और सुगम बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। बुधवार को केंद्र सरकार की ‘प्रधानमंत्री ई-बस सेवा’ योजना के तहत इलेक्ट्रिक बस का ट्रायल रन किया गया। ट्रायल के लिए पहली इलेक्ट्रिक बस भिलाई पहुंची, जिसके साथ ही शहर में ई-बस सेवा शुरू करने की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है।
पहले चरण में चलेंगी 20 बसें
शासन द्वारा दुर्ग-भिलाई क्षेत्र के लिए कुल 50 इलेक्ट्रिक बसों को मंजूरी दी गई है। योजना के मुताबिक, पहले चरण में 20 बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। प्रशासनिक स्तर पर इसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और जल्द ही शेष बसें भी शहर पहुंचने वाली हैं। ट्रायल के दौरान अधिकारियों ने बस की कार्यप्रणाली और निर्धारित रूटों का जायजा लिया।
आम यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
इस नई परिवहन सेवा के शुरू होने से रोजाना सफर करने वाले नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को एक किफायती और आरामदायक विकल्प मिलेगा। इसके साथ ही, इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से शहर में पारंपरिक ईंधन (डीजल-पेट्रोल) पर निर्भरता कम होगी और वायु व ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने में भी बड़ी मदद मिलेगी।



