धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में नशे के कारोबार पर पुलिस ने अब तक का सबसे बड़ा आर्थिक प्रहार किया है। केवल गिरफ्तारी तक सीमित रहने के बजाय पुलिस ने अब मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों पर सीधी कार्रवाई शुरू कर दी है। SAFEMA और NDPS एक्ट के तहत ₹35,85,116.51 की चल और अचल संपत्तियों को फ्रीज कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ में इस तरह की यह पहली बड़ी कार्रवाई है, जिसे मुंबई स्थित सक्षम प्राधिकारी ने भी मंजूरी दे दी है।
अवैध कमाई पर चला पुलिस का शिकंजा
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक धमतरी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि अब नशे के कारोबारियों के खिलाफ सिर्फ गिरफ्तारी नहीं होगी, बल्कि उनकी अवैध कमाई और आर्थिक नेटवर्क को भी खत्म किया जाएगा।
बैंक खाते, एफडी, बीमा और संपत्तियों की हुई जांच
नगर पुलिस अधीक्षक और सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपियों की वित्तीय गतिविधियों की गहन जांच की। जांच के दौरान बैंक खाते, फिक्स्ड डिपॉजिट, बीमा योजनाएं, वाहन और अचल संपत्तियों में किए गए निवेश का ब्यौरा जुटाया गया।इसके बाद NDPS Act, 1985 की धारा 68F के तहत संपत्तियों को फ्रीज कर पूरा मामला SAFEMA एवं NDPSA, मुंबई के सक्षम प्राधिकारी के समक्ष भेजा गया।
पहले मामले में ₹12.93 लाख की संपत्ति फ्रीज
पहले प्रकरण में आरोपी आरती रजक से जुड़े बैंक खाते, फिक्स्ड डिपॉजिट और अन्य वित्तीय निवेश सहित ₹12,93,636.76 की संपत्ति फ्रीज की गई। सभी पक्षों की सुनवाई और दस्तावेजों के परीक्षण के बाद सक्षम प्राधिकारी ने पुलिस की कार्रवाई को सही ठहराते हुए फ्रीजिंग आदेश की पुष्टि कर दी।
दूसरे मामले में ₹22.91 लाख की संपत्ति पर कार्रवाई
दूसरे मामले में आरोपी करण सिंह धुरी, उनकी पत्नी उषा बाई धुरी और पुत्री जाइका धुरी से जुड़े बैंक खाते, वाहन और अचल संपत्तियों सहित ₹22,91,479.75 की संपत्ति फ्रीज की गई।सुनवाई के दौरान आरोपी अपनी संपत्तियों के वैध आय स्रोत का संतोषजनक प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद सक्षम प्राधिकारी ने फ्रीजिंग आदेश को बरकरार रखा।
पुलिस बोली- नशे के कारोबारियों पर जारी रहेगा आर्थिक वार
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े अपराधियों की अवैध संपत्तियों की पहचान कर उन्हें फ्रीज करने की कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशे या अन्य अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।



