रायपुर: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के मुख्य सरगना सौरभ चंद्राकर को आज रायपुर में विशेष सीबीआई (CBI) अदालत में पेश किया जाएगा। इस बड़ी कार्रवाई पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बयान जारी कर सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी और उसकी भारत वापसी को एक बड़ी सफलता करार दिया है। दिल्ली रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने इस कामयाबी के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) समेत सभी केंद्रीय जांच एजेंसियों को बधाई दी।
मुख्यमंत्री साय ने उम्मीद जताई है कि आरोपी से पूछताछ के बाद महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में कई महत्वपूर्ण और बड़े खुलासे हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि सीबीआई इस भगोड़े को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही थी और अब उसे भारत लाए जाने से जांच में तेजी आएगी, जिससे इस सट्टा नेटवर्क से जुड़े कई नए और अहम तथ्य सामने आ सकेंगे।
बता दें कि महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में लंबे समय से अलग-अलग केंद्रीय एजेंसियां वित्तीय लेनदेन, अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े गंभीर पहलुओं की जांच कर रही हैं। चंद्राकर की पेशी के बाद इस मामले में शामिल कई अन्य रसूखदारों पर भी शिकंजा कसने की उम्मीद है।
दूसरी ओर, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दिल्ली प्रवास के दौरान भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात होने की संभावना भी जताई जा रही है। हालांकि, इन मुलाकातों का विस्तृत आधिकारिक कार्यक्रम अभी जारी नहीं किया गया है।



