रायपुर, 17 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के स्कूली बच्चों और शिक्षकों के लिए एक राहत भरी खबर आई है। राज्य शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पूर्व में घोषित दीपावली अवकाश में आंशिक संशोधन किया है। सरकार द्वारा जारी नए संशोधित आदेश के तहत अब प्रदेश में कुल 6 दिनों का दीपावली अवकाश रहेगा।
6 नवंबर से 11 नवंबर तक रहेगा अवकाश
संशोधित आदेश के मुताबिक, प्रदेश के सभी शासकीय, अनुदान प्राप्त और गैर-अनुदान प्राप्त स्कूलों में छुट्टियां लागू होंगी। इसके साथ ही राज्य के सभी डी.एड., बी.एड. और एम.एड. महाविद्यालयों में भी 6 नवंबर से 11 नवंबर 2026 तक दीपावली का अवकाश घोषित किया गया है।
आदेश में बदलाव की मुख्य वजह
इससे पहले विभाग द्वारा जारी कैलेंडर में दीपावली की छुट्टियां 6 नवंबर से 10 नवंबर तक यानी कुल 5 दिनों के लिए तय की गई थीं। त्यौहार के समय शिक्षकों और छात्र-छात्राओं को आने-जाने और पर्व मनाने में सहूलियत हो, इसी को ध्यान में रखते हुए शासन ने पुराने आदेश में आंशिक संशोधन किया और छुट्टियों को एक दिन के लिए और बढ़ा दिया है। इस फैसले के बाद से प्रदेश के विद्यार्थियों और शिक्षक वर्ग में खुशी की लहर है।



