अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर से एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है. यहाँ गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे (DJ) की आवाज कम कराने और गाड़ी को साइड देने के मामूली विवाद पर कुछ युवकों ने प्रशिक्षषु डीएसपी (DSP) निशांत कुर्रे के साथ कथित तौर पर मारपीट और हाथापाई कर दी. उपद्रवियों ने न सिर्फ अधिकारी पर हमला किया, बल्कि उनके निजी वाहन में भी जमकर तोड़फोड़ की. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
कैसे शुरू हुआ विवाद?
घटना मणिपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर इलाके की है. दरिमा थाने में पदस्थ प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे अपनी निजी कार से इस रास्ते से गुजर रहे थे. इसी दौरान वहां गणेश विसर्जन का जुलूस निकाला जा रहा था.
रास्ते में वाहन को साइड देने और डीजे की तेज आवाज को कम करने को लेकर डीएसपी का वहां मौजूद कुछ युवकों से विवाद हो गया. देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि तैश में आकर युवकों ने उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी.
निजी वाहन में तोड़फोड़, नशे में थे आरोपी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हंगामा कर रहे कुछ युवक शराब के नशे में धुत थे. मारपीट के दौरान आरोपियों ने डीएसपी कुर्रे की निजी कार पर भी पत्थरों और लाठियों से हमला कर उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया. घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला.
पुलिस की कार्रवाई: 6 उपद्रवी गिरफ्तार
थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल घेराबंदी की और घटना में शामिल 6 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस पकड़े गए आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है और घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है.



