महासमुंद, 14 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-353 (NH-353) पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इलाज के बाद मरीज को ओडिशा लेकर जा रही एक तेज रफ्तार एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। इस भीषण दुर्घटना में दो महिलाओं और एक पुरुष की मौत हो गई, जबकि दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
देवाशीष स्कूल के पास हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस क्रमांक CG 04 NH 7746 मरीज को उपचार के बाद ओडिशा लेकर जा रही थी। इसी दौरान बागबाहरा थाना क्षेत्र में NH-353 पर देवाशीष स्कूल के पास एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई।
एंबुलेंस के उड़े परखच्चे, मची चीख-पुकार
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
राहत एवं बचाव कार्य
सूचना मिलते ही बागबाहरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को क्षतिग्रस्त एंबुलेंस से बाहर निकालकर तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।



