महासमुंद। जिले में बिना वैध लाइसेंस के संचालित हो रहे निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) के निर्देश पर नर्सिंग होम एक्ट निरीक्षण दल ने कोमाखान स्थित आंचल नर्सिंग होम को नियमों के उल्लंघन और अवैध संचालन के चलते सील कर दिया है।
बिना डॉक्टर और स्टाफ के चल रहा था अस्पताल
स्वास्थ्य विभाग को कोमाखान क्षेत्र में बिना नर्सिंग होम एक्ट लाइसेंस के इस अस्पताल के संचालन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि अस्पताल में न तो कोई योग्य चिकित्सक मौजूद था और न ही प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ, इसके बावजूद मरीजों को भर्ती कर उनका उपचार किया जा रहा था।
अस्पताल में भर्ती मिले ऑपरेशन के मरीज
निरीक्षण के समय अस्पताल के वार्ड में दो गंभीर ऑपरेशन के मरीज भर्ती पाए गए:
- सिजेरियन (सी-सेक्शन) ऑपरेशन के बाद एक प्रसूता भर्ती मिली।
- नसबंदी (ट्यूबेक्टॉमी) के बाद एक अन्य महिला मरीज भर्ती मिली।
मरीजों की जान से खिलवाड़ और नर्सिंग होम एक्ट के नियमों की अनदेखी को देखते हुए निरीक्षण दल ने तत्काल प्रभाव से आंचल नर्सिंग होम को सील कर दिया। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध रूप से संचालित क्लीनिक और अस्पतालों में हड़कंप मच गया है।




