आरंग। घोड़ारी और पारागाँव के बीच महानदी ब्रिज के नीचे मंगलवार को खुलेआम ताश और ‘गुल’ खड़खड़िया नामक जुआ खेला जा रहा, नेशनल हाईवे 53 से गुजरने वाले राहगीर पुल के ऊपर खड़े होकर देख रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुटकर जुआ खेलने में लगी हुई है, वहां से महज 100 मीटर की दूरी पर नदीमोड़ पुलिस चौकी स्थित है। दूसरे तरफ आरंग थाना है, इसके बावजूद इतने बड़े पैमाने पर जुए का संचालित होना पुलिस की निगरानी और कार्रवाई पर सवाल खड़े कर रहा है।
इस पूरे मामले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महानदी ब्रिज के नीचे बड़ी संख्या में लोग अलग-अलग समूहों में जमा दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में लोग गोल घेरा बनाकर बैठे नजर आ रहे हैं। आसपास की गतिविधियों को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि यहां बाकायदा जुए के फड़ संचालित हो रहे हैं। भीड़ की संख्या इतनी अधिक है कि पुल के ऊपर से गुजरने वाले राहगीरों के लिए भी यह नजारा कौतूहल का विषय बना हुआ है। लोग पुल से नीचे झांककर इस भीड़ को देखते नजर आते हैं।
स्थानीय स्तर पर इस तरह की गतिविधियों को लेकर चर्चा है कि महानदी ब्रिज के नीचे जुए का खेल चल रहा है। यदि यह गतिविधियां लगातार संचालित हो रही हैं, तो सवाल उठना लाजिमी है कि पुलिस चौकी के इतने करीब सैकड़ों लोगों का जमावड़ा आखिर जिम्मेदार अधिकारियों की नजरों से कैसे बच रहा है? क्या पुलिस को इसकी जानकारी नहीं है या फिर सूचना के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है? जुआ जैसी गतिविधियां न केवल सामाजिक बुराइयों को बढ़ावा देती हैं, बल्कि कई बार इनके चलते आर्थिक नुकसान, विवाद और आपराधिक घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
क्या पुलिस प्रशासन इस वीडियो को संज्ञान में लेकर मौके पर जांच और कार्रवाई करेगा, या फिर नदी ब्रिज के नीचे जुए का यह कथित फड़ इसी तरह चलता रहेगा? पुलिस के जिम्मेदार अधिकारियों से अब इस मामले में जवाबदेही और ठोस कार्रवाई की अपेक्षा है।



