कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा शहर में एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक पिछले तीन-चार वर्षों से अपनी प्रेमिका के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हर पहलू से जांच शुरू कर दी है।
राजेंद्र नगर इलाके में मिला शव
यह मामला कवर्धा सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के मजगांव रोड स्थित राजेंद्र नगर का है। मृतक की पहचान रामनगर निवासी आलोक दुबे के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह अपनी प्रेमिका के साथ लंबे समय से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था।
खिड़की के पास स्कार्फ के फंदे से लटका मिला शव
बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 12 बजे घर के अंदर खिड़की के पास स्कार्फ के फंदे से आलोक का शव लटका हुआ मिला। घटना के समय उसकी प्रेमिका घर के अंदर नहा रही थी। उसी ने शव देखने के बाद पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक और उसकी प्रेमिका के मोबाइल फोन तथा लैपटॉप जब्त कर लिए हैं। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों के साथ-साथ घटनास्थल से मिले अन्य सबूतों की भी जांच कर रही है, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतक के परिजनों का कहना है कि मामला संदिग्ध है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने आशंका जताई है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या भी हो सकती है।हालांकि, पुलिस ने अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही होगा। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।




