Homeछत्तीसगढमुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना से वनांचल में कनेक्टिविटी को मिली नई रफ्तार,...

मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना से वनांचल में कनेक्टिविटी को मिली नई रफ्तार, कांकेर में दो नए मार्गों पर बस सेवा शुरू

रायपुर/कांकेर: छत्तीसगढ़ में ग्रामीण परिवहन सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है. मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत कांकेर जिले में दो नए मार्गों पर नियमित बस सेवा की शुरुआत की गई है. राज्य के परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने भानुप्रतापपुर-कोरर और भानुप्रतापपुर-अंतागढ़ मार्गों के लिए नई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस पहल के बाद अब प्रदेश भर में कुल 108 मार्गों पर 109 बसों का सफल संचालन किया जा रहा है.

40 से अधिक गांवों के ग्रामीणों को मिलेगा सीधा लाभ
इन दोनों नए रूटों पर बस सेवा शुरू होने से वनांचल के 40 से अधिक सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को पहली बार बेहतर सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी. परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार लगातार दूरस्थ ग्रामीण अंचलों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचा रही है. यह सेवा केवल आवागमन का जरिया नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों को शिक्षा, स्वास्थ्य, हाट-बाजार, बैंक और शासकीय कार्यों के लिए विकासखंड मुख्यालयों से जोड़कर विकास के नए अवसर प्रदान करेगी.

सुदूर अंचलों को मुख्यधारा से जोड़ने की बड़ी पहल
कार्यक्रम के दौरान कांकेर के विधायक आशाराम नेताम ने कहा कि सुदूर अंचलों में निवासरत नागरिकों तक शासन की जनहितकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है. ग्रामीण बस सेवा का विस्तार इसी दिशा में उठाया गया एक बेहद महत्वपूर्ण कदम है.

इस गरिमामयी शुभारंभ कार्यक्रम के अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी, नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश जैन सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments