Homeछत्तीसगढछत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस पर पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को...

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस पर पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को लिखा आत्मीय पत्र; साझा कीं संगठन के दिनों की यादें

रायपुर, 1 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को एक आत्मीय पत्र लिखकर प्रदेश के 3 करोड़ नागरिकों को अपनी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। इस विशेष पत्र में प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ की माटी, संस्कृति और यहां के जनजीवन के प्रति अपने गहरे और व्यक्तिगत जुड़ाव को व्यक्त किया है।

संगठन के दिनों का पुराना जुड़ाव और सांस्कृतिक विविधता
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पत्र में संगठन के दिनों को याद करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ से उनका दशकों पुराना और गहरा नाता रहा है। उन्होंने अपने अनुभवों को साझा करते हुए लिखा कि उन्होंने सरगुजा से लेकर बस्तर तक की यात्राएं की हैं और यहां की विविध लोक संस्कृतियों, जनजातीय परंपराओं और अद्भुत लोक कलाओं को बहुत करीब से जाना व समझा है। उन्होंने रेखांकित किया कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, अद्वितीय प्राकृतिक सुंदरता और यहां के लोगों का भोलापन व अपनापन ही इस प्रदेश को सबसे विशेष बनाता है।

नक्सलवाद पर सफलता और विकास की नई राह
शुभकामनाओं के साथ-साथ प्रधानमंत्री ने प्रदेश में हो रहे बड़े बदलावों की भी सराहना की। उन्होंने पत्र में विशेष रूप से माओवाद प्रभावित रहे बस्तर क्षेत्र में आए सकारात्मक बदलावों और नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों व सरकार को मिल रही निर्णायक सफलताओं का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि राज्य में चल रही विकास और जनकल्याण की योजनाएं प्रदेश को प्रगति की नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया आभार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस आत्मीय संदेश पर आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ के निर्माता भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों के अनुरूप एक समृद्ध और सशक्त छत्तीसगढ़ बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सीएम साय ने संकल्प दोहराया कि प्रदेश सरकार ‘अंजोर विजन’ के तहत ‘विकसित छत्तीसगढ़ से विकसित भारत @ 2047’ के राष्ट्रीय लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में निरंतर और तेजी से कार्य कर रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments