रायपुर। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अपने दो दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंची हैं। रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पर राज्यपाल रमेन डेकाऔर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद राष्ट्रपति ने लोकभवन के ‘छत्तीसगढ़ मण्डपम’ में आयोजित एक गरिमामय समारोह में पूज्य माता हासी देवी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया। इस विशेष अवसर पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री भी मंच पर उपस्थित रहे।
पूज्य माता हासी देवी की 200वीं जयंती पर सम्मान
भारत सरकार के वित्त मंत्रालय द्वारा यह स्मारक सिक्का पूज्य शदाणी दरबार, रायपुर की 5वीं पीठाधीश माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के उपलक्ष्य में जारी किया गया है। देश-विदेश में रहने वाले करोड़ों सिंधी समुदाय के लोगों के लिए किसी सिंधी विभूति के सम्मान में ऐसा सिक्का जारी होना एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण है।
कैसे और कहां से मिलेगा सिक्का?
सिक्के के अनावरण के बाद यह जानकारी दी गई कि श्रद्धालु और सिक्का संग्राहक (Coin Collectors) इसे पूज्य शदाणी दरबार की विभिन्न इकाइयों के माध्यम से बुक कर सकेंगे।
सिंधी समाज और शदाणी दरबार में जश्न का माहौल
स्मारक सिक्का जारी होने की खबर मिलते ही सिंधी समाज में खुशी की लहर दौड़ गई। रायपुर स्थित शदाणी दरबार में मौजूद श्रद्धालुओं ने सिक्के का प्रतिरूप (प्रतिकृति) हाथ में लेकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। इस ऐतिहासिक पल के जश्न में महिलाएं और बच्चे सिक्के का प्रतिरूप लेकर झूमते और थिरकते नजर आए।



