रायपुर। राजधानी रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के अमलीडीह इलाके में शनिवार रात एक दुखद वारदात सामने आई है। यहाँ कुछ अज्ञात बदमाशों ने 18 वर्षीय एक युवक पर धारदार हथियार (पेपर कटर) से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस हत्याकांड के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
स्वर्ण जयंती चौक के पास घेराबंदी कर किया हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अमलीडीह निवासी गौरव सेन (18 वर्ष) के रूप में हुई है। शनिवार रात करीब 10:30 बजे गौरव किसी काम से बाहर गया हुआ था। जब वह काम निपटाकर अपने घर लौट रहा था, तभी अमलीडीह स्थित स्वर्ण जयंती चौक के पास पहले से मौजूद कुछ अज्ञात युवकों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया।
गंभीर चोट लगने से मौके पर ही हुई मौत
आरोपियों ने अपने पास रखे पेपर कटर से गौरव पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस हमले में गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण गौरव की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी वहां से फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सड़क पर युवक का शव देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस को दी। खबर मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा किया और मृतक के परिजनों को इस घटना की जानकारी दी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों की पहचान जल्द से जल्द की जा सके।




