Homeछत्तीसगढथ्रीडी इनोवेशन प्लांट में तीन मजदूरों की मौत की घटना पर प्रदेश...

थ्रीडी इनोवेशन प्लांट में तीन मजदूरों की मौत की घटना पर प्रदेश कांग्रेस की जांच समिति ने की बैठक, 9 जुलाई को करेगी घटनास्थल का निरीक्षण

रायपुर। थ्रीडी इनोवेशन प्लांट में हुई तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत की घटना की जांच के लिए गठित छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी की जांच समिति की बैठक आज राजीव भवन, रायपुर में समिति के संयोजक एवं पूर्व मंत्री शिवकुमार डहरिया की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक प्रारंभ होने से पूर्व समिति के सभी सदस्यों ने दुर्घटना में दिवंगत तीनों श्रमिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के जिलाध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे, धरसींवा की पूर्व विधायक अनीता शर्मा, कांग्रेस नेता पंकज शर्मा, ऊधो वर्मा, भावेश बघेल, मोहम्मद सिद्दीक, बाबा खान (मंडल अध्यक्ष, उरला) तथा मृतक अरुण पांडे के परिवार की ओर से गणेश कुंभकार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में निर्णय लिया गया कि जांच समिति दिनांक 9 जुलाई 2026 को दोपहर 3:00 बजे थ्रीडी इनोवेशन प्लांट का स्थल निरीक्षण करेगी। समिति घटनास्थल का बारीकी से अवलोकन करेगी, मृतक एवं प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और मांगों को सुनेगी तथा घटना से जुड़े सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच करेगी। समिति संबंधित अधिकारियों एवं कंपनी प्रबंधन से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त करेगी और जांच उपरांत अपनी विस्तृत रिपोर्ट छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपेगी।

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने कहा कि किसी भी श्रमिक का जीवन अमूल्य है। यदि इस दुखद घटना में किसी प्रकार की लापरवाही, सुरक्षा मानकों की अनदेखी अथवा कंपनी प्रबंधन एवं संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी सामने आती है, तो दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। प्रदेश कांग्रेस पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ उनके साथ खड़ी है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments