अंबिकापुर/नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में पदस्थ ट्रेनी IPS और नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) राहुल बंसल पर एक करोड़ रुपये से अधिक की कथित रिश्वत लेने का आरोप लगा है। यह आरोप हरियाणा निवासी एक शिकायतकर्ता ने लगाया है। मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू स्थित विशेष CBI अदालत ने छत्तीसगढ़ के DGP, CBI निदेशक, राहुल बंसल समेत अन्य संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
शिकायतकर्ता आकाश कुमार का आरोप है कि एक साइबर ठगी मामले की जांच के दौरान उनसे कार्रवाई प्रभावित करने के नाम पर एक करोड़ रुपये की रिश्वत मांगी गई। उनका दावा है कि यह रकम हवाला के जरिए ली गई। शिकायत में अंबिकापुर साइबर सेल के ASI प्रवीण कुमार राठौर और आरक्षक अंशुल शर्मा का भी नाम शामिल है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने पहले 8 जून 2026 को CBI निदेशक को लिखित शिकायत देकर FIR दर्ज करने की मांग की थी। कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने विशेष CBI अदालत में परिवाद दायर किया। शिकायत के साथ व्हाट्सऐप चैट, ऑडियो क्लिप और शपथ-पत्र भी अदालत में पेश किए गए हैं।
विशेष CBI अदालत ने मामले का संज्ञान लेते हुए DGP से तथ्यात्मक रिपोर्ट और CBI से शिकायत पर की गई कार्रवाई का ब्योरा मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 11 अगस्त 2026 को होगी।
शिकायत के अनुसार, यह पूरा मामला अंबिकापुर साइबर थाने में दर्ज 20.15 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी से जुड़ा है। आरोप है कि इसी मामले की जांच के दौरान रिश्वत की मांग की गई।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, आरोपों पर प्रतिक्रिया के लिए राहुल बंसल से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका पक्ष सामने नहीं आ सका।




