Homeमध्य प्रदेशअवैध शराब से भरे ट्रक ने थाना प्रभारी को कुचला, टीआई दिलीप...

अवैध शराब से भरे ट्रक ने थाना प्रभारी को कुचला, टीआई दिलीप पुरी की दर्दनाक मौत

देवास (मध्य प्रदेश): मध्य प्रदेश के देवास जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहाँ अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचे खातेगांव थाना प्रभारी (TI) दिलीप पुरी की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई है। तस्करों को पकड़ने के दौरान हुए इस भयानक हादसे के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

इंदौर-बैतूल हाईवे पर हुई वारदात

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक में भारी मात्रा में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना के बाद देवास एसपी आदित्य मिश्रा के निर्देश पर कन्नौद, सतवास और खातेगांव के थाना प्रभारियों को मिलाकर पांच से अधिक पुलिस टीमें गठित की गईं।

सोमवार तड़के करीब 1:00 बजे जब खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी अपनी टीम के साथ इंदौर-बैतूल हाईवे पर नाकेबंदी कर शराब से भरे इस संदिग्ध ट्रक को रोकने का प्रयास कर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।

पिछले पहिए के नीचे आने से गई जान

बताया जा रहा है कि चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने जब ट्रक को रोकने का इशारा किया, तो आरोपी चालक ने भागने की नीयत से वाहन की रफ्तार बढ़ा दी। इस दौरान ट्रक का अगला हिस्सा टीआई दिलीप पुरी से टकराया जिससे वह सड़क पर गिर गए। इसके तुरंत बाद रफ्तार पकड़ रहे ट्रक का पिछला पहिया टीआई के शरीर के ऊपर से गुजर गया। गंभीर रूप से घायल थाना प्रभारी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

हरदा से खरगोन जा रही थी शराब, आरोपी गिरफ्तार

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अवैध शराब से भरा यह ट्रक हरदा से आ रहा था और इसे खरगोन ले जाया जा रहा था। घटना को अंजाम देने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ट्रक चालक/वाहन मालिक को धरदबोचा है। पुलिस ने जबलपुर निवासी आरोपी संजय अग्रवाल (52 वर्ष) को हिरासत में ले लिया है। पुलिस द्वारा जब्त की गई अवैध शराब और वाहन की कुल कीमत करीब 9 लाख रुपये आंकी गई है।

शहीद टीआई दिलीप पुरी मूल रूप से धार जिले के बरमंडल के रहने वाले थे, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। फिलहाल पुलिस आरोपी से कड़ी पूछताछ कर रही है और इस पूरे शराब तस्करी नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments