Homeछत्तीसगढनौकरी दिलाने के नाम पर दो लाख की ठगी, आरोप लगने के...

नौकरी दिलाने के नाम पर दो लाख की ठगी, आरोप लगने के बाद महिला काउंसलर पद से हटाई गईं

जांजगीर-चांपा। जिले में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक बेरोजगार युवक से दो लाख रुपये ऐंठने और पैसे वापस मांगने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस मामले में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पूजा राठौर पर गंभीर आरोप लगे हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें पुलिस के परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलर पद से हटा दिया है।

जनदर्शन कार्यक्रम में हुई थी मुलाकात
रायपुर के तेलीबांधा निवासी श्रवण गुप्ता ने एसपी को दी गई शिकायत में बताया कि वह पिछले एक-दो साल से बेरोजगार था और नौकरी की तलाश कर रहा था। इसी दौरान भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में उसकी मुलाकात पूजा राठौर से हुई। आरोप है कि पूजा ने जांजगीर-चांपा की बड़ी औद्योगिक कंपनियों में अपनी अच्छी पहचान होने का दावा किया। उन्होंने केएसके (KSK) और प्रकाश इंडस्ट्रीज में नौकरी लगवाने का भरोसा दिया, जिसके एवज में तीन लाख रुपये में सौदा तय हुआ।

रकम लौटाने के बजाय दी धमकी
पीड़ित युवक के अनुसार, उसने नौकरी की उम्मीद में पहले डेढ़ लाख रुपये नकद दिए और कुछ दिनों बाद 50 हजार रुपये और दे दिए। कुल दो लाख रुपये लेने के बावजूद न तो युवक को नौकरी मिली और न ही उसके पैसे लौटाए गए। श्रवण का आरोप है कि जब उसने अपनी रकम वापस मांगी, तो उसे गंभीर आपराधिक मामलों में फंसाने की धमकी दी गई, जिससे वह काफी डर गया था।

एसपी की कार्रवाई से हड़कंप
मामला पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में आने के बाद विभाग ने इसे गंभीरता से लिया। जांच और प्राथमिक कार्रवाई के तहत पूजा राठौर को परिवार परामर्श केंद्र की काउंसलर के पद से मुक्त कर दिया गया है। पुलिस अब इस पूरे मामले में आगे की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments