बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 36 सिटी मॉल स्थित एक्वा वेलनेस स्पा सेंटर में काम करने वाली 22 वर्षीय युवती ने संचालक और उसके भाई पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि उस पर ग्राहकों को खुश करने के लिए देह व्यापार करने का दबाव बनाया जाता था। विरोध करने पर उसका वेतन रोक दिया गया और बाद में सैलरी मांगने पहुंचने पर उसके साथ छेड़छाड़ व मारपीट की गई।
युवती के मुताबिक, वह करीब तीन महीने से स्पा सेंटर में काम कर रही थी। उसने पुलिस को बताया कि संचालक अमन सेन और उसका बड़ा भाई लोकेश सेन उस पर देह व्यापार करने का दबाव बनाते थे। आरोप है कि अमन उसे प्राइवेट केबिन में ले जाकर गलत तरीके से छूता था। विरोध करने और नौकरी छोड़ने की बात कहने के बाद उसका वेतन रोक दिया गया।
युवती का आरोप है कि 22 अगस्त को वह अपनी सैलरी मांगने स्पा सेंटर पहुंची थी। इसके बाद 25 अगस्त की शाम करीब 7 बजे वह दोबारा वहां गई। आरोप है कि इस दौरान लोकेश सेन ने उसके साथ बदसलूकी और छेड़छाड़ की।
युवती ने घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की तो उसका मोबाइल छीन लिया गया। आरोप है कि उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मुक्के से मारपीट की गई और उसका दायां हाथ मरोड़ दिया गया। इससे हाथ और कंधे में चोट आने की बात युवती ने पुलिस को बताई है।
CCTV फुटेज डिलीट करने और धमकी देने का आरोप
शिकायत में युवती ने स्पा सेंटर के CCTV फुटेज डिलीट किए जाने का भी आरोप लगाया है। उसका कहना है कि आरोपियों ने अपनी पहुंच का डर दिखाकर उसे धमकाया। बाद में अमन सेन ने फोन पर गाली-गलौज की और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।
मामले में युवती की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने स्पा संचालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब लगाए गए आरोपों, CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
स्पा संचालक पहले भी लगा चुका है आरोप
बताया गया है कि स्पा सेंटर संचालक अमन सेन ने पूर्व एडिशनल एसपी सिटी राजेंद्र जायसवाल पर काम करने के एवज में पैसे मांगने का आरोप लगाया था। उसने कथित बातचीत का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था।
इसके बाद डिप्टी सीएम विजय शर्मा के निर्देश पर एसपी को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए थे। अब स्पा सेंटर से जुड़े ताजा मामले में पुलिस शिकायत के आधार पर जांच कर रही है।




