रायपुर। राजधानी के डीडी नगर इलाके में मिली अधजली लाश की गुत्थी पुलिस ने घटना के 6 घंटे के भीतर सुलझा ली है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने वकील कैवर्त की हत्या कर मंजीत ग्रीन सिटी के पीछे खाली प्लाट ग्रांउड में लाश को जला दिया था। धारदार हथियार से मारकर हत्या कर साक्ष्य छिपाने क्रांकीट पत्थर से सिर को कुचलकर पेट्रोल डालकर जलाया था। आरोपियों ने हत्या के बाद मृतक डीआई वाहन को हड़पने की योजना बनाई थी। आरोपी रिश्ते में मामा-भांजा हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी दीपक यादव (27) और शेखर यादव (18)निवासी चंगोराभाठा श्रीराम नगर है। सायबर सेल और थाना डीडी.नगर की संयुक्त टीम ने 6 घंटे की भीतर हत्या में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से वकील का मोबाइल फोन बरामद किया गया है। साथ ही वकील के वाहन का नंबर प्लेट बदलकर दूसरा नंबर लिखने के लिए पेंट व ब्रश भी बरामद किया गया है। जांच के दौरान मृतक की पहचान वकील कैवर्त निवासी ग्राम फुलवारी जिला मुंगेली के रूप में की गई। वकील रायपुर में डूमतराई में किराये के मकान में रहता था। डूमरतराई थोक सब्जी बाजार से अपने डीआई वाहन से सब्जी सप्लाई करने का काम करता था।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वकील और उनकी पहचान डूमरतराई थोक सब्जी मण्डी में हुई थी। कुछ दिनों पूर्व आरोपियों की वाहन सीज हो गया था। इससे आरोपियों का काम बंद हो गया था। इसी दौरान आरोपियों ने मृतक वकील कैवर्त की हत्या कर उसके वाहन को हड़पने की योजना बनाई थी। योजना के मुताबिक आरोपी वकील को उसके वाहन में कुछ सामान लेकर रायपुर से बिलासपुर जाने की बात कहकर बुलाए थे। तीनों ने शराब पी,इस बीच मौका देखकर आरोपियों ने वकील के वाहन में रखे धारदार हथियार को निकालकर शरीर पर ताबड़तोड़ हमला किया। आरोपी शव को पेट्रोल से जलाकर मौके से फरार हो गए थे।